Follow Dainik Rajeev Times

Pinarayi Vijayan को SC से उम्मीद: 21 अक्टूबर को सुनवाई

Dainik R Times
3 Min Read

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने 278 करोड़ रुपये के CMRL-Exalogic मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। Pinarayi Vijayan (पिनराई विजयन) की याचिका पर बुधवार, 21 अक्टूबर को सुनवाई होगी। उन्होंने विजिलेंस जांच पर रोक और गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग की है।

सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कॉज लिस्ट के मुताबिक, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन की अवकाशकालीन पीठ बुधवार सुबह 10:30 बजे इस मामले की सुनवाई करेगी। विजयन के साथ उनकी बेटी टी. वीणा और दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास की याचिकाएं भी इसी पीठ के सामने आएंगी।

गिरफ्तारी की आशंका में तत्काल सुनवाई की मांग

16 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने कोर्ट में इस मामले का तत्काल उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि 82 वर्षीय नेता को गिरफ्तारी की आशंका है। लूथरा ने कहा, “यह 82 वर्षीय नेता की स्वतंत्रता का मामला है। हम गिरफ्तारी या किसी अन्य दबाव वाली कार्रवाई से सुरक्षा मांग रहे हैं।”

विजयन ने केरल हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें एकल न्यायाधीश ने विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 15 अक्टूबर को इस आदेश पर अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद विजयन ने विशेष अनुमति याचिका के जरिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

ED ने 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया

इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी विजयन को मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) के तहत समन जारी किया है। ED ने उन्हें 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। यह मामला कथित CMRL-Exalogic भुगतान से जुड़ा है। आरोप है कि कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को कंसल्टेंसी के नाम पर भुगतान किया था। एक्सालॉजिक कभी विजयन की बेटी वीणा द्वारा चलाई जाती थी। ED और VACB का कहना है कि ये भुगतान छिपाए गए थे।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते दशहरा अवकाश पर रहेगा और नियमित कामकाज 26 अक्टूबर से शुरू होगा। ऐसे में अवकाशकालीन पीठ का गठन एक असाधारण कदम माना जा रहा है। चीफ जस्टिस ने कहा था कि जजों की उपलब्धता के आधार पर विशेष पीठ के गठन पर विचार किया जाएगा। मातृभूमि की रिपोर्ट

Share This Article