मौसम विभाग ने दिल्ली में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। घने धुंध के कारण रेलवे, सड़क और एयर रूट प्रभावित है। दिल्ली के पालम में बुधवार (27 दिसंबर) सुबह 7 बजे 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी रही जिसके चलते 110 फ्लाइट्स लेट हैं। 26 दिसंबर को कोहरे के कारण 11 फ्लाइट्स जयपुर डायवर्ट किए गए थे।
IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 14 राज्यों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी रेड अलर्ट है। पंजाब के अमृतसर में आज सुबह 5:30 बजे विजिबिलिटी जीरो पहुंच गई थी। पंजाब से सटे हरियाणा के अंबाला, पेहोवा, कैथल, शाहाबाद और गुहला में सुबह 8 बजे विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक रही।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 28 दिसंबर तक घने कोहरे का अनुमान है। 29 दिसंबर से 30 दिसंबर तक हल्का कोहरा छाया रहेगा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज सुबह 200 मीटर विजिबिलिटी रही। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन में भी धुंध छाई रही। मप्र में 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं।