उड़ान के दौरान पैसेंजर की बदतमीजी के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार सुबह एयरपोर्ट लौटना पड़ा। एयरलाइन के अधिकारी ने बताया कि, दिल्ली से लंदन जा रही Air India 111 फ्लाइट में एक पैसेंजर क्रू मेंबर्स से लड़ने लगा और उनके साथ मारपीट की। इसमें 2 क्रू मेंबर्स को गंभीर चोटें आई हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट ने सोमवार सुबह 6.30 बजे लंदन के हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद पैसेंजर ने बदतमीजी शुरू कर दी। हालाँकि विमान स्टाफ ने उसे बार-बार चेतावनी दी पर पैसेंजर लगातार बुरा बर्ताव करता रहा और उसने 2 केबिन क्रू मेंबर्स को चोट भी पहुंचाई। इसके बाद सुबह 10.30 बजे फ्लाइट दिल्ली लौट आया।
एयरलाइन ने यात्री के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पर FIR दर्ज कर आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया है। एयरलाइन ने पूरी घटना को लेकर बाकी के पैसेंजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और कहा कि, लंदन जाने के लिए इसी फ्लाइट को रिशेड्यूल किया गया है।
एयर इंडिया के CEO ने कहा- हर दिन कंप्लेन मिलते हैं –
एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने फरवरी में एक इंटरव्यू में कहा था कि, एयरलाइन क्रू को अक्सर ड्यूटी के दौरान पैसेंजर्स के दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। कोई ऐसा दिन नहीं है, जब हमें ऐसी रिपोर्ट नहीं मिलती हो। फ्लाइट में पैसेंजर्स के व्यवहार में गिरावट आई है। इसमें डेकोरम की जरूरत है। उन्होंने इसके लिए एयरलाइन कानून में बदलाव का भी सुझाव दिया हैं।(Air India 111)