पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त में शुक्रवार को एक मस्जिद के पास आत्मघाती हमले में 34 लोगों की मौत हो गई, जबकि 130 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में एक पुलिस ऑफिसर भी शामिल है।
ये हमला तब हुआ जब लोग ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के लिए इकट्ठा हो रहे थे। मस्तुंग शहर के AC ने बताया कि ब्लास्ट DSP नवाज गिशकोरी की कार के पास हुआ। इस हमले में जिस पुलिस ऑफिसर की मौत हुई है वो DSP नवाज ही हैं। बलूचिस्तान के केयरटेकर सूचना मंत्री जन अचकजई ने बताया कि, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें कराची भी शिफ्ट किया जाएगा। घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।
अचकजई ने कहा – हमारे दुश्मन विदेशी ताकतों की मदद से बलूचिस्तान में धार्मिक जगहों को निशाना बनाकर शांति भंग करना चाहते हैं। इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बलूचिस्तान में सरकार के मंत्रियों और दूसरे कई नेताओं ने हमले की निंदा की है।