दिल्ली शराब घोटाले (Delhi Liquor Scam Case) में आम आदमी पार्टी (AAP) को भी आरोपी बनाया जा सकता है। ED सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी इसके लिए कानूनी सलाह ले रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन पहले ही दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए ED से पूछा था कि, अगर PMLA के तहत शराब नीति से एक राजनीति पार्टी को फायदा पहुंचा, तो फिर वह पार्टी इस केस में शामिल क्यों नहीं है? कोर्ट के इस रुख के बाद जांच एजेंसी अब कानूनी सलाह ले रही है।
इधर, मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर कोर्ट ने बुधवार को कोई फैसला नहीं लिया। वहीं, इस पर आज एक बार फिर से सुनवाई चल रही है। सिसोदिया की जमानत पर उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी अपना पक्ष रख रहे हैं। वहीं, ED ने बुधवार को ही AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पर छापेमारी की और करीब 10 घंटे की कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया के बाद संजय सिंह AAP के तीसरे बड़े नेता हैं, जिन्हें केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी गुरुवार सुबह 11 बजे भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन भी कर रही है। जिसके चलते पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। ED कोर्ट से आज संजय सिंह की रिमांड मांग सकती है।
केजरीवाल बोले – जितने चाहे छापे करा लो, कुछ नहीं मिलेगा
सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के CM केजरीवाल ने कहा – “ईमानदारी का रास्ता बहुत कठिन रास्ता होता है। इन लोगों ने हमें बदनाम करने की कोशिश की हैं। कहते हैं 100 करोड़ का घोटाला है, जिसमे अब तक 1000 से ज्यादा रेड मार चुके हैं, लेकिन एक चवन्नी तक नहीं मिला है।”
केंद्र सरकार सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनके कारनामों की जांच की जाएगी तब पता चलेगा कि, “इन्होंने कितना भ्रष्टाचार किया है और उस भ्रष्टाचार के खिलाफ संसद के अंदर और बाहर संजय सिंह की आवाज थी जो प्रधानमंत्री मोदी जी से बर्दाश्त नहीं हो रही थी। इसलिए उन्हें झूठे आरोपो में गिरफ्तार करवा दिया गया।