उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में एक मदरसे से पुलिस ने एक छात्र मोहम्मद ताल्हा मजहर को पकड़ा है। इसने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट कर धमकी डाली कि – ”बहुत जल्द इंशाअल्लाह दूसरा पुलवामा भी होगा।” आरोपी मो. ताल्हा को ATS ने दारुल उलूम से अरेस्ट किया है। ATS और LIU उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी छात्र मो. ताल्हा के सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट की गई। ये पोस्ट उसी ने की है या किसी दूसरे की हरकत है। पुलिस और ATS इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। पकड़ा गया युवक मोहम्मद ताल्हा मजहर झारखंड के जमशेदपुर सरायकेला का रहने वाला है। वह मजहबी तालिम हासिल करने के लिए देवबंद में आया था।
ताल्हा मजहर के सभी कनेक्शन खंगाल रही ATS –
ATS की स्थानीय यूनिट और पुलिस अब गिरफ्तार किए गए मो. ताल्हा मजहर के सभी कनेक्शन खंगाल रही है। ये छात्र किन-किन लोगों से बात करता है? इसके फोन में कौन से कौन से वॉट्सऐप ग्रुप हैं? यूट्यूब पर क्या देखता है? गूगल पर क्या सर्च करता है? इसके साथ-साथ जहां रहता है, वहां कौन-सी किताबें ज्यादा पढ़ता है?
सहारनपुर के SSP डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि, फ़िलहाल युवक से पूछताछ चल रही है। कुछ विशेष इनपुट सामने निकल कर नहीं आया है। आरोपी छात्र ने किसी के ट्वीट को रिट्वीट किया था। झारखंड से भी छात्र के बारे में पता किया जा रहा है।