उत्तर प्रदेश के झांसी में एक नाबालिग लड़की का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि, रेप के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या की गई है। फिलहाल, पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है, वहीं मृतका के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना झांसी के बबीना थाना अंतर्गत आदिवासी बस्ती गोचीखेड़ा की बताई जा रही है। जहां 17 वर्षीय लड़की गुरुवार शाम को घर से गई थी। इसके बाद लौटकर घर वापस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की और खोजबीन के दौरान शुक्रवार की सुबह उसका शव बस्ती से करीब 100 मीटर दूर अर्धनग्न हालत में मिला। जिसके बाद पुलिस को इस मामले में सूचित किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
इस मामले में SSP ने बताया कि, पुलिस को सुबह सूचना मिली थी अर्धनग्न अवस्था में 16-17 साल की एक लड़की की डेड बॉडी मिली है। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेसिंक टीम के साथ सीनियर अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे।
छानबीन में पता चला कि, लड़की पर पत्थर से हमला हुआ है, जिससे उसकी मौत हुई है। फ़िलहाल घटना का खुलासा करने के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, साथ ही कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव की हालत देख कर आशंका जताई जा रही है कि, गांव के ही किसी व्यक्ति ने रेप के बाद उसकी हत्या की है।